बिहार में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर 15 लाख की ठगी, 60 हजार के लोन का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से वसूली; ऑफिस बंद कर फरार हुए आरोपी

Thursday, November 5, 2026 - 13:24
0
बिहार में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर 15 लाख की ठगी, 60 हजार के लोन का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से वसूली; ऑफिस बंद कर फरार हुए आरोपी

बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के मलाही में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिखा माइक्रो बेनिफिट फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े चार लोगों ने सैकड़ों ग्रामीणों को 60 हजार रुपये तक का लोन दिलाने का भरोसा देकर करीब 10 से 15 लाख रुपये की वसूली कर ली। आरोपियों ने लोगों को टीवी, मिक्सी, इंडक्शन और कुकर समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान देने का भी लालच दिया था।

पीड़ितों के मुताबिक, आरोपियों ने लोगों को बताया कि लोन प्राप्त करने के लिए पहले तीन से चार हजार रुपये जमा करने होंगे। इसके बदले उन्हें इलेक्ट्रॉनिक सामान दिया जाएगा और इसके बाद उनके बैंक खातों में लोन की रकम भेज दी जाएगी। इस झांसे में आकर कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी आरोपियों को दे दी। ठगी का शिकार होने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल हैं।

सबनीमा गांव की ममता देवी ने बताया कि आरोपियों ने उनसे फॉर्म भरवाकर चार हजार रुपये लिए थे। उन्हें भरोसा दिया गया था कि जमा रकम के बदले इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलेगा और बाद में उनके खाते में लोन की राशि भेज दी जाएगी। वहीं, मीर मोहल्ला के मोहम्मद अनवर के मुताबिक, उन्होंने सात अन्य लोगों के साथ मिलकर कुल 21 हजार रुपये जमा कराए थे।

बताया गया कि जब लोगों को न तो इलेक्ट्रॉनिक सामान मिला और न ही लोन की रकम उनके खातों में पहुंची, तो वे कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहां ताला लगा मिला और कथित कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले। इसके बाद ठगी के शिकार लोगों ने कार्यालय के बाहर पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस को मामले की सूचना दी।

स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल पीड़ितों की ओर से लगाए गए आरोपों, कथित कंपनी की गतिविधियों और वसूली गई रकम की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी है। पुलिस की जांच के बाद ही ठगी की वास्तविक रकम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User