सीआरपीएफ की वार्षिक ऑपरेशंस कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की वार्षिक ऑपरेशंस कॉन्फ्रेंस 2026 बुधवार को नई दिल्ली स्थित बल मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में महानिदेशक जीपी सिंह ने जम्मू-कश्मीर में काउंटर-टेरर ग्रिड, वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित क्षेत्रों और मणिपुर की सुरक्षा स्थिति पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे इलाकों पर भी लगातार नजर रखने पर जोर दिया।
सम्मेलन में विशेष महानिदेशक (ऑपरेशंस), जोनल प्रमुखों, सेक्टर आईजी और बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान देश के विभिन्न ऑपरेशनल क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियों, जमीनी तैनाती, लॉजिस्टिक्स और क्षमता निर्माण की समीक्षा की गई। जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिणी जोन के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) सेक्टर के प्रतिनिधियों ने अपनी गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में तेजी से बदलती परिस्थितियों के अनुरूप जवानों के प्रशिक्षण मॉड्यूल को आधुनिक बनाने और जरूरत के अनुसार लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। डीजी जीपी सिंह ने सभी क्षेत्रों में ऑपरेशनल तैयारियों और क्षमता निर्माण को मजबूत बनाए रखने के साथ पेशेवर कार्यशैली और अनुशासन पर जोर दिया।
सीआरपीएफ प्रमुख ने नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में बल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा चुनौतियों के बदलते स्वरूप को देखते हुए सभी संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता और तैयारी बनाए रखना जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)