दीपावली पर राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट, बैराज-चीला और गंगा भोगपुर बैरियर पर सख्त चेकिंग
ऋषिकेश। दीपावली पर्व को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने वन क्षेत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। त्योहारी सीजन में शिकार, अवैध घुसपैठ और जंगल में आग लगने की आशंका को देखते हुए पार्क के सभी चेक पोस्ट और बैरियरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। बैराज, चीला और गंगा भोगपुर बैरियर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पार्क प्रशासन ने वनकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। जंगल के अंदर नाले-खालों और वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। शिकारियों की घुसपैठ रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाने की भी तैयारी है। इसके साथ ही जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों में भी वनकर्मियों की टीमें सक्रिय रहेंगी।
बैराज-चीला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के समय को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। सर्दियों में यह मार्ग शाम 6 बजे बंद कर दिया जाता है, जबकि गर्मियों में रात 8 बजे तक आवाजाही की अनुमति रहती है। प्रशासन ने निर्धारित समय का पालन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वनकर्मियों ने मोतीचूर-देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के आसपास सघन गश्त शुरू की है। रेलवे ट्रैक के किनारे जंगल में अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ट्रेनों से जंगल में फेंकी जाने वाली गंदगी को हटाने के लिए सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।
पार्क प्रशासन के अनुसार, दीपावली के दौरान पटाखों के शोर और मानवीय गतिविधियों से वन्यजीवों को परेशानी हो सकती है। साथ ही जंगल में आग लगने और अवैध शिकार की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल या उसके आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)