यूपी: ‘जीते तो होशियार, हारे तो चुनाव आयोग पर सवाल’, बरेली में विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

Tuesday, November 3, 2026 - 19:00
0
यूपी: ‘जीते तो होशियार, हारे तो चुनाव आयोग पर सवाल’, बरेली में विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

बरेली। भाजपा की ओर से मंगलवार को बरेली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में जीत मिलने पर विपक्ष अपनी योग्यता का श्रेय लेता है, जबकि हारने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगता है।

सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव चुनाव हारने के बाद निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों के विश्वास को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। नड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट ने वर्षों की मेहनत से अपनी प्रतिष्ठा बनाई है और विपक्ष को चुनावी हार के बाद संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए।

नड्डा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि देश में यह प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर विपक्ष की आपत्तियों का जवाब देते हुए कहा कि मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाना आवश्यक है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली का उदाहरण देते हुए कहा कि आयोग का प्रयास है कि प्रत्येक मतदाता तक मतदान की सुविधा पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल का जिक्र करते हुए भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की बात करने वाले विपक्षी दलों को अपने राजनीतिक इतिहास पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन का अधिकार जनता के पास है और इसका फैसला चुनाव के माध्यम से होता है।

इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा और सहयोगी दलों के कई नेता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User