बिहार: बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 1.25 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने उनके सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर स्थित चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। EOU की प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात आय से 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, यह कथित अतिरिक्त संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक है। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर अफजल आलम के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26 के तहत 18 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद EOU ने मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त किया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार टीमों ने गुरुवार को एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
जांच एजेंसी जिन चार ठिकानों पर तलाशी ले रही है, उनमें सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा गांव स्थित उनका पैतृक मकान और निजी आवास, बाजपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित उनका सरकारी कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव स्थित एक अन्य निजी आवास शामिल है।
EOU के मुताबिक, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वह बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने। आरोप है कि पद संभालने के बाद उन्होंने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की।
छापेमारी के दौरान जांच टीमें संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों, नकदी, निवेश और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)