बिहार में भीषण सड़क हादसा: खड़े हार्वेस्टर से टकराया छात्रों से भरा ऑटो, दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत; आठ घायल
बिहार के जहानाबाद-गया सीमा पर कंदौल गांव के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गया में सेमेस्टर परीक्षा देकर लौट रहे हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों से भरा ऑटो सड़क किनारे खड़े हार्वेस्टर के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज के नौ छात्र 2024-28 सत्र की सेमेस्टर परीक्षा देने गया गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी ने वापस लौटने के लिए ऑटो बुक किया था। हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के पास ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर खड़े हार्वेस्टर से जा टकराया। बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर का टायर खराब होने के कारण वह सड़क पर खड़ा था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत कर ऑटो में फंसे छात्रों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आदित्य राज और सौरव कुमार की मौत हो गई। दोनों घोसी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
घायलों में अविनाश कुमार, आकाश कुमार, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, अनंत कुमार, अंकित कुमार, कुमार गौरव और आशीष कुमार शामिल हैं। इनमें दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि छह घायलों का उपचार कुर्मा मेडिकल कॉलेज में जारी है।
हादसे की जानकारी मिलने पर जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)