बिहार: 18 जिलों में 34 दवा दुकानों पर छापेमारी, 17 से अधिक जगहों पर मिलीं अनियमितताएं

Friday, November 20, 2026 - 16:21
0
बिहार: 18 जिलों में 34 दवा दुकानों पर छापेमारी, 17 से अधिक जगहों पर मिलीं अनियमितताएं

पटना। बिहार में दवाओं की अवैध बिक्री और संदिग्ध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार, 19 नवंबर को राज्य के 18 जिलों में एक साथ छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 34 दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें 17 से अधिक स्थानों पर अनियमितताएं सामने आईं। बिना लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाओं को सील कर दिया गया और संचालक के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है।

पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक तीन दवा प्रतिष्ठानों में भी विशेष जांच की गई। सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। विभाग को संदेह है कि इनमें एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

मुरली फार्मा में दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड में गड़बड़ियां मिलीं। प्रतिष्ठान तीन टीबी की दवाओं और एनआरएक्स श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका। इसके अलावा दो अन्य दवाओं की खरीद के दस्तावेज भी नहीं मिले। जांच के दौरान अनिवार्य शेड्यूल एच-1 रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं पाया गया। यहां एजिथ्राल-500 नामक दवा की एक स्ट्रिप भी संदिग्ध मिली, जिस पर लगा क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। इसकी प्रामाणिकता की जांच के लिए निर्माता कंपनी से सत्यापन कराया जाएगा।

वहीं, पॉपुलर दवा प्रतिष्ठान में पांच दवाओं की प्रामाणिकता पर संदेह जताया गया है। इन दवाओं को संबंधित निर्माता कंपनियों के पास जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती स्तर पर पैकेजिंग और उत्पाद की पहचान में अंतर सामने आने के बाद विस्तृत सत्यापन कराया जा रहा है।

पटना के अलावा भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में भी नारकोटिक श्रेणी की एक औषधि मिली है, जिसके संबंध में जांच की जा रही है। सारण जिले के छपरा में एक दवा दुकान पर ऐसी दवाएं मिलीं, जिनकी निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना और लेबलिंग को लेकर संदेह जताया गया है। संबंधित निर्माता कंपनियों से दस्तावेजों और उत्पादों का सत्यापन कराया जाएगा।

औषधि नियंत्रण विभाग के अनुसार, यह अभियान पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं के अवैध कारोबार, बिना लाइसेंस बिक्री और खरीद-बिक्री के अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं रखने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User