झारखंड: 89 साल बाद खुलेगा महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के लोहे के संदूक का राज, हाईकोर्ट ने दिया खोलने का आदेश

Thursday, November 19, 2026 - 13:55
0
झारखंड: 89 साल बाद खुलेगा महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के लोहे के संदूक का राज, हाईकोर्ट ने दिया खोलने का आदेश

रांची। महान भारतीय वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस के गिरिडीह स्थित ऐतिहासिक आवास में 89 वर्षों से बंद लोहे के संदूक का रहस्य अब खुलने की उम्मीद है। झारखंड हाईकोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए संदूक को उचित निगरानी में खोलने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इसमें वैज्ञानिक के शोध से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, पांडुलिपियां और अन्य ऐतिहासिक सामग्री हो सकती है।

न्यायमूर्ति आर. मुखोपाध्याय और न्यायमूर्ति राम शर्मा की खंडपीठ ने मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए यह मामला जनहित याचिका के रूप में शुरू किया है। अदालत ने राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव और गिरिडीह के उपायुक्त को पक्षकार बनाते हुए उनसे जवाब मांगा है।

यह लोहे का संदूक गिरिडीह के बरगंडा इलाके में स्थित शांति भवन में रखा है। इसी आवास में सर जगदीश चंद्र बोस ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिताए थे और 23 नवंबर 1937 को उनका निधन हुआ था। इसके बाद से ही संदूक बंद है। अदालत ने माना कि इसमें मौजूद संभावित शोध सामग्री वैज्ञानिक समुदाय और मानवता के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

संदूक के रहस्य के साथ अदालत ने शांति भवन की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई है। अब यह भवन सर जेसी बोस संग्रहालय के नाम से जाना जाता है। अदालत ने राज्य सरकार को झारखंड के ऐतिहासिक और धरोहर स्थलों की पहचान कर उनके संरक्षण तथा जीर्णोद्धार के लिए दीर्घकालीन नीति तैयार करने का निर्देश दिया है। संबंधित विभाग को संग्रहालय की मौजूदा स्थिति और उसके सुधार के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर हलफनामा भी दाखिल करना होगा।

सर जगदीश चंद्र बोस रेडियो विज्ञान और पादप शरीर विज्ञान के क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण योगदान के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने क्रेस्कोग्राफ जैसे उपकरण का विकास किया था, जिसके माध्यम से पौधों की वृद्धि और बाहरी प्रभावों के प्रति उनकी प्रतिक्रिया का अध्ययन किया जा सकता है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 89 साल से बंद संदूक में आखिर क्या सुरक्षित है। हालांकि, उसके भीतर क्या मौजूद है, इसका पता आधिकारिक रूप से खोले जाने और जांच के बाद ही चल सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User