कनाडा: भारतीय युवक तुषार शर्मा की संदिग्ध मौत, जली हुई कार में मिले अवशेष; पुलिस को टारगेटेड हत्या का शक
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली इलाके में भारतीय युवक तुषार शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय तुषार का शव 29 अक्टूबर की रात एक जली हुई कार के अंदर मिला था। कनाडा की हत्या जांच एजेंसी इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने मृतक की पहचान तुषार शर्मा के रूप में की है, जो सरे शहर का निवासी था।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को रात करीब 10:26 बजे लैंगली के रॉलिसन क्रिसेंट इलाके में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के दौरान कार के अंदर मानव अवशेष देखे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या जांच टीम ने जांच अपने हाथ में ले ली।
IHIT के अनुसार, तुषार का कनाडा में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और वहां उसके सीमित परिचित थे। जांच अधिकारी अब उसकी मौत से पहले की गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं। टीम कनाडा और विदेशों में रह रहे उसके परिवार और दोस्तों से भी संपर्क कर रही है।
IHIT की प्रवक्ता सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने बताया कि मौत के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन अब तक मिले साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि यह एक लक्षित घटना हो सकती है। पुलिस ने अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी है। मामले की जांच जारी है।
वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने भी तुषार की मौत पर दुख जताया है। दूतावास ने बताया कि वह मृतक के परिजनों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के संपर्क में है तथा मामले पर नजर रख रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)