‘24 घंटे हो गए, चैलेंज दिया है’, खुली बहस पर राहुल गांधी ने फिर पीएम मोदी को घेरा; बोले- डरिए मत

Tuesday, November 3, 2026 - 19:14
0
‘24 घंटे हो गए, चैलेंज दिया है’, खुली बहस पर राहुल गांधी ने फिर पीएम मोदी को घेरा; बोले- डरिए मत

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दोहराते हुए कहा कि उनके चैलेंज को 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी सुविधानुसार किसी भी मंच और स्थान का चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बहस में मीडिया और देश के युवाओं को भी शामिल किया जाए।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को इस बहस का निर्णायक बना सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में किसके विदेशी ताकतों से संबंध हैं और इन कथित संबंधों की प्रकृति क्या है। राहुल ने प्रधानमंत्री से कहा कि वे सामने आकर इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा करें।

कांग्रेस नेता ने प्रस्तावित बहस के लिए कई मुद्दे भी गिनाए। इनमें देश की वित्तीय व्यवस्था और वित्तीय ढांचे, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की प्रक्रिया, समझौते को जल्दबाजी में अंतिम रूप दिए जाने और कैबिनेट को इसकी जानकारी दिए जाने से जुड़े सवाल शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने उद्योगपति गौतम अदाणी से जुड़े मामले और जेफ्री एपस्टीन विवाद का भी उल्लेख किया।

राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मुकदमों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन पर करीब 45 मानहानि के मामले चल रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि विदेशी संबंधों को लेकर लगाए गए आरोपों पर मानहानि का मुकदमा क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री को उनके आरोपों पर आपत्ति है तो वे कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं, इस मुद्दे पर भी खुली बहस हो सकती है।

दरअसल, यह विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के दौरान दिए गए संबोधन के बाद शुरू हुआ। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर देश में अस्थिरता पैदा करने और सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाने वाली ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया था। उन्होंने विदेशी ताकतों के समर्थन और कुछ लोगों के विदेश में संपर्कों को लेकर भी सवाल उठाए थे।

इसके जवाब में राहुल गांधी ने 2 नवंबर को प्रधानमंत्री पर विदेशी मदद से सत्ता में आने और बने रहने का आरोप लगाते हुए खुली बहस की चुनौती दी थी। मंगलवार को उन्होंने एक बार फिर उसी चुनौती को दोहराया। फिलहाल प्रधानमंत्री की ओर से इस प्रस्तावित बहस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User