पंजाब में AAP को बड़ा झटका: तीन विधायक भाजपा में शामिल, 2027 चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
नई दिल्ली। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
तीनों नेताओं का पार्टी छोड़ने का फैसला AAP की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद सामने आया। सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दिया था। वहीं, अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को पार्टी और विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल होने के बाद तीनों नेताओं ने पंजाब की भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने राज्य में नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था, कथित भ्रष्टाचार और सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए। पठानमाजरा ने राज्य पर बढ़ते कर्ज का मुद्दा उठाया, जबकि जौड़ामाजरा ने कहा कि पंजाब को विकास और स्थिरता की जरूरत है। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी राज्य की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई।
इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा को पहले ही कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निलंबित किया जा चुका था। AAP ने दोनों विधायकों की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से संपर्क करने की बात कही है।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में विधायकों के दल बदलने से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। तीन मौजूदा विधायकों के भाजपा में शामिल होने से राज्य में चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)