करवा चौथ पर पति की हर्ष फायरिंग से पत्नी घायल, गंभीर हालत में आगरा रेफर
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में करवा चौथ की रात चांद देखने के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक महिला को गोली लग गई। घटना थाना दक्षिण क्षेत्र के महावीर नगर की है। घायल महिला की पहचान शिवा (40) के रूप में हुई है। उन्हें पहले स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात शिवा अपने परिवार के साथ घर की छत पर करवा चौथ का चांद देखने गई थीं। इसी दौरान उनके पति राजकुमार यादव ने कथित तौर पर खुशी में फायरिंग कर दी। इस दौरान चली गोली शिवा को लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। बताया गया है कि राजकुमार यादव भट्ठा संचालक हैं।
घटना की सूचना मिलने पर थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। मामले में पति को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)