फैक्टरी में घड़ी के शीशे बनाती थीं झोउ छुनफेई, अब बनीं चीन की सबसे अमीर महिला
चीन की झोउ छुनफेई ने फैक्टरी में काम करने से लेकर देश की सबसे अमीर महिला बनने तक का सफर तय किया है। हुरुन रिसर्च की 2026 की अमीर महिलाओं की सूची में 56 वर्षीय झोउ ने पहला स्थान हासिल किया है। उनकी संपत्ति 127 अरब युआन यानी करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
हुनान प्रांत में जन्मी झोउ ने किशोरावस्था में ही पढ़ाई छोड़ दी थी और रोजगार की तलाश में शेनझेन पहुंच गई थीं। यहां उन्होंने एक फैक्टरी में घड़ी के शीशे बनाने का काम किया। वर्ष 1993 में, महज 23 साल की उम्र में, उन्होंने अपना ग्लास प्रोसेसिंग वर्कशॉप शुरू किया। इसी कारोबार ने आगे चलकर लेंस टेक्नोलॉजी का रूप लिया, जो स्मार्टफोन के लिए ग्लास स्क्रीन बनाने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल हो गई।
कंपनी को बड़ी पहचान तब मिली, जब उसे वर्ष 2007 में एप्पल के शुरुआती आईफोन के लिए ग्लास कवर सप्लाई करने का मौका मिला। इसके बाद कारोबार का तेजी से विस्तार हुआ। अब कंपनी स्मार्टफोन के अलावा एआई हार्डवेयर और अन्य आधुनिक तकनीकी उत्पादों के लिए भी काम कर रही है।
हुरुन की सूची के मुताबिक, झोउ ने 11 साल बाद एक बार फिर चीन की सबसे अमीर महिला का स्थान हासिल किया है। इससे पहले वह वर्ष 2015 में भी इस सूची में शीर्ष पर रही थीं। इस बार उन्होंने हंसोह फार्मास्युटिकल की संस्थापक झोंग हुइजुआन को पीछे छोड़ा है, जिनकी संपत्ति 124 अरब युआन आंकी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)