महादेव सट्टेबाजी ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को सीबीआई रायपुर लेकर पहुंची, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के प्रमुख आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम दिल्ली से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर लेकर पहुंची। करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े इस मामले में उसकी भारत वापसी के बाद अब जांच एजेंसियों की पूछताछ पर नजरें टिकी हैं।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर को भारत लाया गया था। इसके बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 2 नवंबर को सीबीआई को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी। अदालत ने निर्देश दिया था कि उसे 4 नवंबर तक रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाए। मंगलवार शाम सीबीआई टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची।
जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के जरिए कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया जाता था। मामले में बड़ी संख्या में बैंक खातों के इस्तेमाल और कथित तौर पर रकम विदेश भेजे जाने की भी जांच की जा रही है। चंद्राकर से पूछताछ के दौरान नेटवर्क के संचालन, वित्तीय लेनदेन और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका से संबंधित अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
हालांकि, प्रत्यर्पण के दायरे और सीबीआई मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आरोपी के वकीलों ने आपत्ति जताई है। इस पर अंतिम निर्णय रायपुर की विशेष अदालत को करना है। अब अदालत में पेशी और आगे की पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)