नेकां छोड़ने पर अडिग आगा रुहुल्ला, आज बडगाम में करेंगे इस्तीफे का एलान; समर्थकों की जुटने लगी भीड़
जम्मू-कश्मीर की सियासत में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के भीतर जारी असंतोष के बीच पार्टी सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी आज इस्तीफा देने के अपने फैसले पर कायम हैं। उनके समर्थन में बडगाम के बेहिश्त-ए-जेहरा पार्क में होने वाली जनसभा के लिए समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया है। इस सभा में रुहुल्ला पार्टी के साथ-साथ लोकसभा सदस्यता से इस्तीफे के अपने फैसले की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
रुहुल्ला का पार्टी नेतृत्व से लंबे समय से मतभेद चल रहा है। उनका आरोप है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों, विशेषकर अनुच्छेद 370 की बहाली और जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर अपेक्षित रुख नहीं अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका फैसला किसी पद या व्यक्तिगत नाराजगी के कारण नहीं, बल्कि वैचारिक और सैद्धांतिक मतभेदों के चलते है।
रुहुल्ला के संभावित इस्तीफे के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार और पार्टी नेतृत्व के सामने आंतरिक असंतोष से निपटने की चुनौती भी बढ़ गई है। हाल ही में नेकां के असंतुष्ट विधायकों ने नेतृत्व को ज्ञापन सौंपकर सरकार और संगठन के कामकाज में सुधार की मांग की थी। विधायकों की नाराजगी और रुहुल्ला के वैचारिक विरोध ने पार्टी के भीतर मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है।
इस बीच वरिष्ठ नेता मुबारक गुल के अगले कदम पर भी नजरें टिकी हैं। पार्टी महासचिव पद को लेकर हुए घटनाक्रम के बाद उन्होंने 4 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखने की घोषणा की है। ऐसे में बडगाम की सभा और उसके बाद होने वाली राजनीतिक गतिविधियां नेशनल कॉन्फ्रेंस के लिए अहम मानी जा रही हैं।
हालांकि, रुहुल्ला ने यह भी कहा है कि वह किसी तरह की खरीद-फरोख्त या निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के पक्ष में नहीं हैं और उमर अब्दुल्ला सरकार को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)