श्रीनगर से जम्मू पहुंची सरकार, दरबार मूव के तहत सचिवालय और लोक भवन में कामकाज शुरू

Monday, November 2, 2026 - 12:46
0
श्रीनगर से जम्मू पहुंची सरकार, दरबार मूव के तहत सचिवालय और लोक भवन में कामकाज शुरू

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में 154 साल पुरानी दरबार मूव परंपरा के तहत सोमवार को शीतकालीन राजधानी जम्मू से सरकारी कामकाज शुरू हो गया। नागरिक सचिवालय, लोक भवन और अन्य सरकारी कार्यालय दोबारा खुल गए। इसके साथ ही प्रशासन का छह महीने के लिए श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरण पूरा हो गया।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोमवार सुबह जम्मू स्थित नागरिक सचिवालय पहुंचे, जहां उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने सलामी लेने के बाद सचिवालय के विभिन्न विभागों का दौरा किया और अधिकारियों से मुलाकात कर कामकाज की जानकारी ली। सचिवालय में मुख्यमंत्री, मंत्रियों, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय संचालित होते हैं।

प्रशासन के अनुसार, इस बार श्रीनगर से कुल 91 सरकारी कार्यालयों को जम्मू स्थानांतरित किया गया है। इनमें से 41 कार्यालय पूरी तरह जम्मू में काम करेंगे, जबकि 50 विभाग सीमित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कैंप मोड में कार्य करेंगे। सरकारी भवनों और कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत तथा अन्य तैयारियां भी पूरी की गई हैं।

दरबार मूव की शुरुआत वर्ष 1872 में डोगरा शासकों ने की थी। इसका उद्देश्य कश्मीर घाटी में सर्दियों के दौरान प्रशासनिक कामकाज को जम्मू स्थानांतरित करना था। आजादी के बाद भी यह परंपरा जारी रही और जम्मू तथा श्रीनगर के बीच प्रशासनिक एवं आर्थिक संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।

हालांकि, वर्ष 2021 में ई-ऑफिस व्यवस्था और सरकारी खर्च में बचत का हवाला देते हुए तत्कालीन प्रशासन ने इस परंपरा को बंद कर दिया था। इसके बाद जम्मू के व्यापारिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने इसे दोबारा शुरू करने की मांग उठाई। उमर अब्दुल्ला सरकार ने अक्टूबर 2025 में इसे बहाल किया था। अब एक बार फिर जम्मू में शीतकालीन प्रशासनिक कामकाज शुरू होने से शहर के बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User