विशाखापत्तनम में HPCL रिफाइनरी के सल्फर पिच टैंक में भीषण आग, धमाके के बाद उठा धुएं का गुबार; कोई हताहत नहीं

Tuesday, November 3, 2026 - 12:21
0

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में सोमवार रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग रिफाइनरी के सल्फर यूनिट के पिच इंटरमीडिएट स्टोरेज टैंक में लगी। घटना से पहले धमाके जैसी आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई। आग की लपटें और धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में चिंता फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी की अग्निशमन और सुरक्षा टीम सक्रिय हो गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच से छह गाड़ियां लगाई गईं। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आग पिच टैंक के आसपास के हिस्से तक सीमित रही और रिफाइनरी की अन्य इकाइयों पर इसका असर नहीं पड़ा।

HPCL ने बताया कि 2 नवंबर की रात करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कंपनी की अग्निशमन टीम ने तुरंत आपातकालीन कार्रवाई शुरू की और आग को कम समय में नियंत्रित कर लिया। रिफाइनरी की सभी इकाइयां सुरक्षित रूप से काम कर रही हैं।

मलकापुरम के पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि घटना में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। राजस्व मंडल अधिकारी दिलीप चक्रवर्ती के अनुसार, आग पूरी तरह बुझा दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना से पहले एक छोटा धमाका होने की जानकारी मिली थी। औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मामले की जांच कराई जाएगी।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User