‘देश में अराजकता फैलाने की साजिश’: जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, बोले- झूठ और अफवाह फैलाना है राजनीति का मॉडल

Sunday, November 1, 2026 - 13:53
0
‘देश में अराजकता फैलाने की साजिश’: जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, बोले- झूठ और अफवाह फैलाना है राजनीति का मॉडल

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र के नाम पर देश को अराजकता की ओर धकेलने और चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने रैली को सुनियोजित राजनीतिक नाटक करार दिया।

नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि इसका पहला चरण झूठ और अफवाह फैलाना, दूसरा सड़कों पर अव्यवस्था पैदा करना, तीसरा देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना और चौथा विदेशी ताकतों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अशांति का माहौल बना रहा है।

भाजपा नेता ने एक नवंबर को रैली आयोजित करने के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सिख समुदाय से माफी नहीं मांगने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि इस तारीख को रैली आयोजित करना सिख समुदाय के पुराने जख्मों को फिर से कुरेदने जैसा है। ये आरोप नड्डा ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर लगाए हैं।

नड्डा ने रैली से दिल्ली के व्यापारियों को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि त्योहारी सीजन में आयोजन के कारण दिल्ली के बाजारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है और व्यापारियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और करोल बाग जैसे प्रमुख बाजारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का असर छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों की आजीविका पर भी पड़ सकता है।

गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन ने रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की है। विपक्ष का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल हैं। गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठा रहा है। वहीं, भाजपा और चुनाव आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User