यूपी: वनटांगिया गांव में स्कूल बनवाने पर दर्ज हुआ था योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मुकदमा, ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित पुस्तक का विमोचन

Monday, November 16, 2026 - 13:22
0
यूपी: वनटांगिया गांव में स्कूल बनवाने पर दर्ज हुआ था योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मुकदमा, ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित पुस्तक का विमोचन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए बताया कि गोरखपुर के वनटांगिया गांव में बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल शुरू कराने पर तत्कालीन सरकार के दौरान उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। उन्होंने कहा कि उस समय वनटांगिया समुदाय के बच्चों के लिए शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में मंदिर ट्रस्ट की ओर से वन विभाग के एक शेड की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराकर वहां पढ़ाई की व्यवस्था शुरू कराई गई थी।

मुख्यमंत्री ने यह बात अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कही। इस दौरान उन्होंने ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। सूचना विभाग की ओर से तैयार इस पुस्तक में आम लोगों को विभिन्न मुद्दों पर लिखे गए पत्रों का संकलन किया गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वनटांगिया समुदाय लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से वंचित रहा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद 54 वनटांगिया बस्तियों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया और वहां रहने वाले हजारों परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गईं। उन्होंने मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल जैसे वंचित समुदायों के लिए भी सरकारी योजनाओं के लाभ का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए ऑपरेशन कायाकल्प और सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जरूरी है, क्योंकि जानकारी के अभाव में कई जरूरतमंद परिवार योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों में कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार का भी उल्लेख किया। उन्होंने ‘योगी की पाती’ को सरकार और आम नागरिकों के बीच संवाद का माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिए समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, जरूरतों और उपलब्धियों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User