सागर: जहरीली शराब कांड की न्यायिक जांच शुरू, 36 मौतों के मामले में बंडा पहुंचा आयोग
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले की जांच के लिए गठित एक सदस्यीय न्यायिक आयोग ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विष्णु प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता में गठित आयोग इस घटना में हुई 36 मौतों के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल करेगा।
आयोग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत की। इसके अलावा बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और संबंधित विभागों से भी घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। आयोग का मुख्यालय सागर में बनाया गया है।
जांच के दौरान आयोग यह पता लगाएगा कि लोगों की मौत और बीमार होने के पीछे क्या कारण थे तथा घटना किन परिस्थितियों में हुई। इसके साथ ही क्षेत्र के आबकारी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। इसमें यह देखा जाएगा कि संबंधित अधिकारियों ने अपने दायित्वों का पालन किया था या नहीं।
आयोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी और नियंत्रण के उपाय भी सुझाएगा। जांच पूरी होने के बाद आयोग को तीन महीने के भीतर शासन को अपनी रिपोर्ट सौंपनी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)