हल्द्वानी: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पूर्व छात्रसंघ प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार गिरफ्तार
उत्तराखंड के हल्द्वानी में मुखानी क्षेत्र स्थित एक होटल में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। नाबालिग के परिजनों ने मुखानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चारों युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर और डराकर मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनुजुनाथ टीसी के अनुसार, पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने होटल परिसर का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की चिकित्सकीय जांच और मामले से जुड़ी अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में सभी आरोप अभी जांच के अधीन हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)