केदारताल में सात ट्रैकर्स और गाइड की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी; अब तक नहीं मिला सुराग

Sunday, November 1, 2026 - 18:40
0
केदारताल में सात ट्रैकर्स और गाइड की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी; अब तक नहीं मिला सुराग

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश रविवार को भी जारी रही। भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण भोजखड़क से आगे का रास्ता बाधित होने से बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी की गई, लेकिन ट्रैकर्स या उनके टेंट का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रैकर्स और छह सहयोगी कर्मचारियों सहित कुल 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। दल को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण रास्ता बंद हो गया। इस दौरान सात ट्रैकर्स और एक गाइड भोजखड़क से आगे फंस गए। उनके साथ गए तीन पोर्टर और एक कुक सुरक्षित लौट आए और उन्होंने अधिकारियों को घटना की सूचना दी।

लापता लोगों में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के ट्रैकर्स शामिल हैं। बताया गया है कि एक ट्रैकर के सिर में चोट भी आई है। एसडीआरएफ की टीम ने पहले पैदल क्षेत्र की रेकी की, लेकिन अत्यधिक बर्फबारी और दुर्गम रास्ते के कारण आगे बढ़ना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया।

एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत ने हेलीकॉप्टर से केदारताल क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की। इसके बावजूद लापता लोगों का पता नहीं चल सका। अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एसडीआरएफ मुख्यालय से अतिरिक्त पर्वतारोहण और बचाव उपकरणों से लैस टीम भी रवाना की गई है।

जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, भारी बर्फबारी, दुर्गम पहाड़ी रास्ते और हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए बचाव दल सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होते ही तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User