महाराष्ट्र: मंत्री संजय शिरसाट के बंगले के बाहर नशे में धुत युवकों का हंगामा, सुरक्षाकर्मियों से भिड़े; तीन गिरफ्तार

Friday, November 13, 2026 - 16:27
0
महाराष्ट्र: मंत्री संजय शिरसाट के बंगले के बाहर नशे में धुत युवकों का हंगामा, सुरक्षाकर्मियों से भिड़े; तीन गिरफ्तार

महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री और छत्रपति संभाजीनगर के पालक मंत्री संजय शिरसाट के बंगले के बाहर गुरुवार देर रात तीन युवकों ने हंगामा किया। तीनों कथित तौर पर नशे की हालत में थे। सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर उन्होंने विवाद किया और शराब की बोतलें तोड़कर बंगले की ओर फेंकने का आरोप है। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना छत्रपति संभाजीनगर के गोलवाड़ी इलाके में गुरुवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। मंत्री शिरसाट के अनुसार, तीनों युवक पहले अपने वाहन से गिरने के बाद वहां से चले गए थे, लेकिन कुछ देर बाद वापस बंगले के मुख्य द्वार पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही गई है।

मंत्री ने बताया कि युवकों ने सुरक्षाकर्मियों के सामने प्रभावशाली लोगों से संबंध होने की धौंस भी दिखाई। शुरुआती खबरों में सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन शिरसाट ने बाद में स्पष्ट किया कि किसी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। उनके एक पार्टी कार्यकर्ता को मामूली खरोंच आई थी।

घटना के बाद संजय शिरसाट ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस कमिश्नर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन बंद था। मंत्री ने यह भी कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे। हालांकि, महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक ने उनसे फोन पर बात की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शिरसाट ने शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए पुलिस कमिश्नर के तबादले की मांग की। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने इस मामले को उठाएंगे। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ घर में अनधिकृत प्रवेश और सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User