असम: काजीरंगा के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर, 26 लोगों की मौत; 20 घायल, पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान
गुवाहाटी। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर गोलाघाट जिले के रंगाजन इलाके में हुआ, जहां यात्रियों से भरी मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और वाहन में फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया।
जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में करीब 40 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को आगे के उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शुरुआती तौर पर आशंका जताई कि मिनी बस की रफ्तार अधिक हो सकती थी, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
अमित शाह ने भी दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने भी इस हादसे को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)