मथुरा: नगर निगम के आईटीएमएस सिस्टम की खुली पोल, 64 में से 24 कैमरे मिले बंद; कार्यदायी संस्था को नोटिस
मथुरा। शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से नियंत्रित करने के लिए स्थापित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की कार्यप्रणाली की पोल नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण में खुल गई। जांच के दौरान सिस्टम के तहत लगाए गए 64 कैमरों में से 24 बंद मिले। कई स्थानों पर कैमरों के पावर बैकअप भी खराब पाए गए। तकनीकी व्यवस्थाओं की इस बदहाल स्थिति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
नगर आयुक्त अनिल कुमार ने गुरुवार को शहर के जनरल गंज स्थित आईटीएमएस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मथुरा-वृंदावन के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर स्थापित ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली की कार्यशीलता का जायजा लिया। निरीक्षण में बड़ी संख्या में कैमरे बंद मिलने और तकनीकी व्यवस्थाएं खराब पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।
नगर आयुक्त ने आईटीएमएस परियोजना का संचालन कर रही संस्था टेक्नोलॉजी इंटीग्रेटेड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी खराब कैमरों, पावर बैकअप और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर भी जांचा। उन्होंने कर्मचारियों की संख्या, उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। शहर में स्थापित वाई-फाई नेटवर्क और हॉटस्पॉट के संबंध में पूछे गए सवालों पर कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वे शहर में मौजूद वाई-फाई नेटवर्क और हॉटस्पॉट की कुल संख्या के साथ उनके स्थानों की सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं करा पाए।
कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्थाओं की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर जवाब देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईटीएमएस जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाना जरूरी है। सभी तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर सिस्टम का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अनिल कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)