कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में लगी आग, पटियाला के पास मची अफरा-तफरी; सभी यात्री सुरक्षित
पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में आग लग गई। राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धुआं और आग की लपटें देखकर यात्री कोचों से बाहर निकलने लगे। राहत की बात रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 शुक्रवार दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। कुछ ही देर बाद राजपुरा के नजदीक इंजन से पांचवें स्थान पर स्थित जनरल कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के अन्य डिब्बों तक फैल गई और कुल चार कोच प्रभावित हुए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ट्रेन को रोककर प्रभावित कोचों को बाकी ट्रेन से अलग किया गया, ताकि आग आगे न फैले। अंबाला से दोपहर 1:20 बजे दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन भी रवाना की गई। रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की।
अंबाला मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, आग से तीन जनरल कोचों को अधिक नुकसान पहुंचा, जबकि चौथे कोच का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)