दिल्ली: साकेत कोर्ट के पास किआ शोरूम में भीषण आग, कई कारें जलकर राख; सात घायल, 15 लोगों का रेस्क्यू
दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में शुक्रवार दोपहर एक किआ कार शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़ी कई कारें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जबकि इमारत में फंसे करीब 12 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना साकेत मेट्रो स्टेशन के सामने हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
बताया गया कि शोरूम की ऊपरी मंजिलों पर कुछ लोग फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए आसपास की इमारतों के सहारे सीढ़ियां लगाई गईं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। जान बचाने के लिए कुछ लोगों को इमारत से नीचे कूदना पड़ा, जिससे वे घायल हो गए। घायलों में चार को मैक्स अस्पताल और तीन को मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण दिल्ली के उप जिलाधिकारी लक्ष्य सिंघल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, यह सुनिश्चित करने के लिए इमारत की तलाशी ली जा रही है कि अंदर कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी की मौत की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग के कारण शोरूम में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)