शरद पवार से मिले एकनाथ शिंदे, बोले- मुलाकात का राजनीतिक मतलब न निकालें; शनिवार को मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की और उनकी सेहत का हाल जाना। 85 वर्षीय शरद पवार सीने और सांस संबंधी संक्रमण का इलाज करा रहे हैं। शिंदे ने मुलाकात के बाद बताया कि उनकी तबीयत में सुधार है और डॉक्टरों के अनुसार उन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि शरद पवार की हालत अच्छी है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि पवार ने अस्पताल में रहते हुए भी महाराष्ट्र के सूखे की स्थिति, खासकर सतारा जिले में पानी की कमी और किसानों की परेशानियों के बारे में जानकारी ली। शिंदे के मुताबिक, पवार ने राज्य के हालात पर चर्चा की।
इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलों पर शिंदे ने स्पष्ट किया कि इसे राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शरद पवार वरिष्ठ नेता हैं और उनके साथ रिश्ते केवल राजनीति तक सीमित नहीं हैं। वह सिर्फ उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
गौरतलब है कि शरद पवार को 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। वहां से 4 नवंबर को छुट्टी मिलने के बाद उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सांस और सीने में संक्रमण जैसी परेशानी है और उपचार के दौरान उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)