झोटा हत्याकांड: मानसा पहुंची CBI की टीम, अश्विनी कुमार के मेडिकल स्टोर के मलबे की दोबारा जांच शुरू
पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम बुधवार को एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने आरोपी अश्विनी कुमार के ढहाए गए मेडिकल स्टोर के मलबे की दोबारा जांच शुरू कर दी है। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए जा सकें।
जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अभी तक पंजाब पुलिस और CBI को अश्विनी कुमार की ओर से चलाई गई पहली गोली से संबंधित कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। इसी वजह से अब दुकान के बचे हुए पूरे मलबे को हटाकर उसकी बारीकी से जांच की जा रही है। मौके पर CBI के साथ पंजाब पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद हैं।
परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में गोली लगने से मौत हुई थी। इस घटना में अन्य लोग भी घायल हुए थे। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। घटना के अगले दिन आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की थी और दुकान को ढहा दिया गया था। इसके बाद घटनास्थल की मूल स्थिति बदलने से साक्ष्य जुटाने को लेकर जांच एजेंसियों के सामने चुनौती खड़ी हो गई।
पंजाब सरकार की सहमति के बाद CBI ने 21-22 अक्टूबर को मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। एजेंसी ने पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया, फोरेंसिक सैंपल जुटाए और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की थी। अब मलबे की दोबारा जांच के जरिए जांच एजेंसी घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य तलाशने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)