हरियाणा: भिवानी की डॉ. विभा भारद्वाज को ब्यूनस आयर्स में मानद डॉक्टरेट, पिता वेद पुजारी ने जताया गर्व
हरियाणा के भिवानी की बेटी डॉ. विभा भारद्वाज को दक्षिण अमेरिका के ब्यूनस आयर्स में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिली इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता वेद पुजारी ने इसे भिवानी जिले और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
वेद पुजारी ने बताया कि विभा को ब्यूनस आयर्स में यह सम्मान प्रदान किया गया है। इसके अलावा उन्हें जापान में भी एक विशेष सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभा पर्यावरण संरक्षण, स्थिरता और विश्व शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं। उन्हें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलता रहा है।
पिता वेद पुजारी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर बेहद गर्व है। विदेश में रहकर भी विभा भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का संदेश दुनिया के अनेक देशों तक पहुंचा रही हैं। उनकी उपलब्धियां खासकर बेटियों और युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहे राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने भी डॉ. विभा भारद्वाज की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि विभा और उनके पिता नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति के पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। संस्था की ओर से भिवानी सहित हरियाणा और राजस्थान में आयोजित कार्यक्रमों में विभा ने युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया है। भिवानी लौटने पर उनका सम्मान किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)