अंकिता भंडारी केस: विनोद आर्य ने दोस्त पुष्पदीप के खिलाफ दी तहरीर, निजी चैट सार्वजनिक करने को लेकर बढ़ा विवाद

Thursday, November 26, 2026 - 13:36
0
अंकिता भंडारी केस: विनोद आर्य ने दोस्त पुष्पदीप के खिलाफ दी तहरीर, निजी चैट सार्वजनिक करने को लेकर बढ़ा विवाद

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। अंकिता के माता-पिता की ओर से पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत दिए जाने के बाद अब विनोद आर्य ने भी अंकिता के दोस्त पुष्पदीप के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। मामला अंकिता और पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत को सार्वजनिक किए जाने के बाद और तूल पकड़ गया है।

दरअसल, 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता और उसके दोस्त पुष्पदीप के बीच हुई कथित व्हाट्सएप बातचीत के हजारों पन्ने सार्वजनिक किए थे। उन्होंने इन बातचीत का हवाला देते हुए अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए मामले की जांच की मांग की थी। साथ ही उन्होंने अंकिता की मौत को लेकर भी सवाल उठाए थे।

इसके बाद अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी ने विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत दी। परिजनों का आरोप है कि निजी बातचीत सार्वजनिक कर उनकी दिवंगत बेटी की निजता और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद 25 नवंबर को देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे जांच के लिए हरिद्वार स्थानांतरित किया जाना है।

विनोद आर्य की ओर से पुष्पदीप के खिलाफ दी गई तहरीर के बाद मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों को लेकर पुलिस की जांच अहम हो गई है। फिलहाल पुष्पदीप के खिलाफ दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों और उस पर पुलिस की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को 30 मई 2025 को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User