नहटौर से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द, मुंशीराम पाल की याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला; 15 दिन की राहत

Friday, November 27, 2026 - 01:00
0
नहटौर से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द, मुंशीराम पाल की याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला; 15 दिन की राहत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी रहे राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रत्याशी मुंशीराम की चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में आय से जुड़ी जानकारी अधूरी देने को गंभीर त्रुटि माना।

मुंशीराम ने वर्ष 2022 में चुनाव परिणाम आने के बाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उनका आरोप था कि ओम कुमार ने नामांकन के साथ दिए गए हलफनामे में पांच वित्तीय वर्षों की आय का पूरा विवरण नहीं दिया और केवल एक वर्ष की जानकारी प्रस्तुत की। याचिका में मतगणना में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए थे।

अदालत ने हलफनामे में गंभीर कमी के आधार पर ओम कुमार का नामांकन अनुचित रूप से स्वीकार किए जाने की बात कही और उनका निर्वाचन निरस्त कर दिया। हालांकि, मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों को अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में स्वीकार नहीं किया। मुंशीराम को भी विजेता घोषित करने की मांग पर राहत नहीं मिली।

**258 वोटों से जीते थे ओम कुमार**

नहटौर सीट पर वर्ष 2022 का चुनाव बेहद करीबी रहा था। भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि रालोद के मुंशीराम को 77,677 मत प्राप्त हुए थे। दोनों के बीच जीत का अंतर केवल 258 वोट का था। मुंशीराम ने इसी चुनाव परिणाम को चुनौती दी थी।

**बसपा से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर**

ओम कुमार का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से शुरू हुआ था। वर्ष 2009 में बसपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें नहटौर क्षेत्र में जिम्मेदारी दी। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर जीत दर्ज की। इसके बाद वर्ष 2017 में भाजपा में शामिल हुए और इसी पार्टी के टिकट पर लगातार दो विधानसभा चुनाव जीते। इस तरह वह तीन बार विधायक बने।

**15 दिन तक सीमित राहत**

हाईकोर्ट ने अपने आदेश के क्रियान्वयन पर 15 दिन की अंतरिम रोक लगाई है। इस अवधि में ओम कुमार विधानसभा में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और सदन की बहस में हिस्सा ले सकेंगे। हालांकि, उन्हें विधानसभा या उसकी किसी समिति में मतदान करने और विधायक के रूप में कोई आर्थिक लाभ लेने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान उन्हें सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती देने का अवसर मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User