नोएडा में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी और मानव तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश, 164 विदेशी मुक्त; 355 मोबाइल और 174 पासपोर्ट बरामद
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे कथित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलयेशियाई नागरिक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन लोगों को भारत में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन का झांसा देकर बुलाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट कथित तौर पर जब्त कर लिए गए और उन्हें साइबर ठगी के काम में लगाया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए फर्जी निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों की उम्र करीब 19 से 24 वर्ष बताई गई है। पुलिस को इस नेटवर्क की जानकारी एक विदेशी नागरिक की ओर से भेजे गए ईमेल के जरिए मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने कार्रवाई की।
**355 मोबाइल और 174 पासपोर्ट बरामद**
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए। बरामद सिम कार्ड में 31 विदेशी और 22 भारतीय सिम शामिल हैं। वहीं, पासपोर्ट में 95 इंडोनेशियाई और 79 मलयेशियाई नागरिकों के दस्तावेज बताए गए हैं।
**एक मलयेशियाई नागरिक गिरफ्तार, दो भारतीयों की तलाश**
पुलिस ने मामले में मलयेशियाई नागरिक तन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है। जांच में सुनील कुमार और सुशील भाटी नाम के दो भारतीयों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की तलाश की जा रही है। उनके बैंक खातों का इस्तेमाल नेटवर्क के किराये और अन्य खर्चों के लिए किए जाने की आशंका है।
पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही कथित ठगी के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)