रोहतक गैंगवार: खाना लेने पहुंचे बेगुनाह छात्र की भी गई जान, चार की मौत; भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

Thursday, November 26, 2026 - 13:34
0
रोहतक गैंगवार: खाना लेने पहुंचे बेगुनाह छात्र की भी गई जान, चार की मौत; भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

हरियाणा के रोहतक में दिल्ली रोड स्थित मिलन होटल में बुधवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झज्जर जिले के बेरी क्षेत्र का रहने वाला 26 वर्षीय छात्र हिमांशु भी शामिल है, जो वहां खाना लेने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था और वह अपने जीजा के लिए भी खाना पैक कराने गया था। इसी दौरान हुई फायरिंग की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान डीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू के रूप में हुई है। चौथे मृतक हिमांशु का संबंध बेरी क्षेत्र से था। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, तीनों युवक सन्नी रिटोलिया गैंग से जुड़े हुए थे। वारदात बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे खरावड़ गांव के पास मिलन होटल में हुई। हमलावरों ने वहां खाना खा रहे युवकों पर फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशु का किसी गैंग से संबंध सामने नहीं आया है। वह जाट कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह अपनी बहन की ससुराल भालौठ गांव आया हुआ था। रात में खाना लेने के लिए होटल पहुंचा था, तभी वारदात हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने उसे भी दूसरे गुट से जुड़ा समझ लिया था।

हत्याकांड के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हिमांशु उर्फ भाऊ रिटोलिया गैंग के नाम से वारदात की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि हमला रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस इस घटना को सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गुटों के बीच पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा और गैंगवार को लेकर चिंता बढ़ गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User