पीएमएलए में संपत्ति जब्ती पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: अंतिम सुनवाई में न्यायिक सदस्य जरूरी, पुराने आदेशों पर क्या होगा असर?
सुप्रीम कोर्ट ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से अस्थायी रूप से जब्त की गई संपत्तियों की पुष्टि करने के मामले में अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति की जब्ती पर अंतिम निर्णय लेने वाली प्राधिकरण की पीठ में न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य होगा। हालांकि, एकल सदस्यीय पीठ भी सुनवाई कर सकती है, बशर्ते उसका सदस्य न्यायिक क्षेत्र से हो।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि पीएमएलए की धारा 8(2) और 8(3) के तहत संपत्ति के धनशोधन से जुड़े होने का निर्धारण और जब्ती की पुष्टि करना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है। इसमें कानून की व्याख्या, साक्ष्यों का मूल्यांकन और संपत्ति के अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल शामिल होते हैं। इसलिए अंतिम निर्णय में न्यायिक अनुभव और कानूनी समझ जरूरी है।
**केंद्र की दलील क्यों खारिज हुई?**
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और ईडी की ओर से दलील दी गई थी कि पीएमएलए के तहत प्राधिकरण का काम मुख्य रूप से प्रशासनिक प्रकृति का है। इसके समर्थन में अन्य कानूनों के तहत संपत्ति जब्ती और कार्रवाई करने वाले प्राधिकरणों का उदाहरण भी दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि जिन अन्य कानूनों का हवाला दिया गया है, उनके तहत काम करने वाले प्राधिकरणों की भूमिका पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण के समान नहीं है। पीएमएलए में संपत्ति जब्ती की पुष्टि से किसी व्यक्ति को मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक अपनी संपत्ति के उपयोग और कब्जे से वंचित होना पड़ सकता है। ऐसे फैसले के लिए स्वतंत्र न्यायिक दृष्टिकोण जरूरी है।
**क्या पुराने आदेश फिर से खुलेंगे?**
अदालत ने स्पष्ट किया कि उसका फैसला भविष्य में लागू होगा। यानी 26 नवंबर 2026 से पहले गैर-न्यायिक सदस्य वाली पीठों द्वारा पारित आदेश केवल इस आधार पर दोबारा नहीं खोले जाएंगे और न ही उन्हें स्वतः अमान्य माना जाएगा। हालांकि, जिन लोगों को पुराने आदेशों से आपत्ति है, वे कानून में उपलब्ध अपील के माध्यम से उनके गुण-दोष को चुनौती दे सकते हैं।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि धारा 8(1) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए न्यायिक सदस्य की मौजूदगी जरूरी नहीं है। यह अनिवार्यता आगे होने वाली सुनवाई और धारा 8(2) व 8(3) के तहत अंतिम निर्णय पर लागू होगी। धारा 20(4) और 21(4) के तहत संबंधित निर्णयों में भी न्यायिक सदस्य की भागीदारी जरूरी होगी।
**2009 के संशोधन पर केंद्र को पुनर्विचार की सलाह**
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से 2009 के संशोधन को वापस लेने की उपयुक्तता पर विचार करने और पहले की तरह कई निर्णायक प्राधिकरणों की व्यवस्था बहाल करने की सिफारिश की है। अदालत के मुताबिक, एक ही प्राधिकरण पर लगातार बढ़ते मामलों का दबाव पड़ रहा है और कानून में निर्धारित 180 दिनों की समयसीमा के भीतर मामलों का निपटारा करना भी चुनौती बन रहा है।
अदालत के सामने रखे गए आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2012 से 26 नवंबर 2026 तक संपत्तियों की अस्थायी जब्ती से जुड़े 3,639 आदेश पारित किए जा चुके हैं। कोर्ट ने प्राधिकरण के अध्यक्ष को प्रशासनिक परिपत्र जारी कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि धारा 8(3) के तहत आदेश देने वाली हर पीठ में न्यायिक सदस्य शामिल हो।
हालांकि, अदालत ने यह अनिवार्य नहीं किया कि प्राधिकरण का अध्यक्ष भी न्यायिक पृष्ठभूमि से ही हो। साथ ही, 2009 के संशोधन को तत्काल निरस्त कर पुरानी व्यवस्था लागू करने का आदेश भी नहीं दिया। केंद्र को इस पर विचार करने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)