रायपुर में शिक्षा मंत्री के बंगले का डीएड अभ्यर्थियों ने किया घेराव, 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग; पुलिस से हुई झूमाझटकी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार, 5 नवंबर की सुबह सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के शासकीय बंगले का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ मंत्री के आवास पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान बंगले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटकर निर्धारित धरना स्थल जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच कहासुनी हुई। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी रही।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की है। उनका कहना है कि वे पिछले 321 दिनों से नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक नियुक्ति को लेकर कोई स्पष्ट समय-सीमा सामने नहीं आई है। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों ने अब शिक्षा मंत्री के बंगले पर पहुंचकर अपनी बात रखने का फैसला किया।
इस प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। अभ्यर्थियों का कहना है कि केवल आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा, सरकार को नियुक्ति को लेकर ठोस निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक 2,300 पदों पर नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सहित अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और सरकार से नियुक्ति को लेकर स्पष्ट घोषणा की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)