लेह-लद्दाख: कड़ाके की ठंड में भी मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़, पंचायत चुनाव में 60% से अधिक वोटिंग
लद्दाख में शनिवार को शून्य से नीचे तापमान के बावजूद मतदाताओं ने स्थानीय निकाय चुनावों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आठ साल बाद हुए नगर निकाय और पंचायत चुनावों में मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें देखने को मिलीं। नगर निकाय चुनावों में 40.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पंचायत चुनावों में सरपंच पदों के लिए 60.18 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 63.48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव आयोजित किए गए। इससे पहले वर्ष 2018 में क्षेत्र में पंचायत और नगर निकाय चुनाव हुए थे। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। कड़ाके की ठंड और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मतदाता वोट डालने पहुंचे।
पंचायत चुनाव आठ जिलों के 192 पंचायत हलकों में हुए। इनमें 55 सरपंच निर्विरोध चुने गए थे, जबकि 137 पदों के लिए मतदान कराया गया। इसी तरह पंच के कुल 1,428 पदों में से 1,186 पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए और शेष 242 पदों के लिए वोटिंग हुई।
नगर निकाय चुनाव लेह और कारगिल नगर परिषदों में आयोजित किए गए। लेह के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ, जबकि कारगिल के 17 वार्डों में से चार पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। अधिकारियों के अनुसार, दुर्गम इलाकों तक मतदान प्रक्रिया पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)