पश्चिम बंगाल: पूर्व कोलकाता डीसीपी की 2.78 करोड़ की संपत्ति कुर्क, टीएमसी विधायक बोले- अवैध कमाई साबित हुई तो होगी गिरफ्तारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन कब्जाने से जुड़े मामले में कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों की 2.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। इस कार्रवाई में कोलकाता के तीन फ्लैट और मुर्शिदाबाद जिले के कांदी में स्थित जमीन शामिल है।
ईडी के मुताबिक, यह जांच कथित जमीन कब्जाने और जबरन वसूली के नेटवर्क से जुड़ी है, जिसमें विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू और कारोबारी जय एस. कामदार के नाम सामने आए हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए अवैध गतिविधियों से धन अर्जित किया गया और संपत्तियां बनाई गईं।
ईडी का दावा है कि शांतनु सिन्हा बिस्वास ने पुलिस पद पर रहते हुए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर कुछ निजी कारोबारियों को कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाया। एजेंसी के अनुसार, जमीन मालिकों को डराने-धमकाने और संपत्तियों पर अवैध कब्जे जैसी गतिविधियों में भी उनकी भूमिका की जांच की गई है। इससे पहले ईडी इस मामले में बिस्वास, जय एस. कामदार और सोना पप्पू को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों न्यायिक हिरासत में हैं।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ गलत काम करने के आरोप साबित होते हैं तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर यह साबित हो जाता है कि संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई है, तो संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया जाना चाहिए।
ईडी ने कुर्की की कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की है। फिलहाल संपत्तियों की कुर्की अस्थायी है और मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)