महादेव सट्टा ऐप केस: छह राज्यों के 33 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी जांच तेज करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। पिछले कुछ दिनों में की गई इस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। सीबीआई के अनुसार, ये ठिकाने कथित तौर पर ऐप के पैनल ऑपरेटरों से जुड़े लोगों के थे।
जांच एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल सक्रिय मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद कराया गया। जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की शुरुआती जांच में दूसरों के नाम पर खोले या किराये पर लिए गए बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। एजेंसी को आशंका है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम इन खातों के जरिए जमा कर विदेश भेजी जाती थी।
सीबीआई की यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद सामने आई जानकारियों के आधार पर की गई। चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उससे ऐप के संचालन और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़े सवाल किए गए। जांचकर्ताओं ने उसके सामने पहले से जुटाए गए दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी रखे।
सीबीआई के मुताबिक, इस नेटवर्क का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों के जरिए गतिविधियां संचालित होती थीं। ये ऑपरेटर कथित तौर पर ग्राहकों की आईडी संभालने और पैसों के लेनदेन में भूमिका निभाते थे।
प्रारंभिक पूछताछ पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, विदेश में मौजूद लोगों और कथित तौर पर मदद करने वाले सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)