पंजाब चावल खरीद घोटाला: 14 एफसीआई अधिकारियों समेत 30 दोषी, एक से तीन साल की जेल; जानें किसे कितनी मिली सजा
पंजाब के मोहाली स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने वर्ष 2004-05 के चावल खरीद घोटाले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 14 अधिकारियों और 16 निजी राइस मिल मालिकों समेत कुल 30 लोगों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। अदालत ने दोषियों को एक से तीन साल तक के कठोर कारावास के साथ जुर्माने की सजा दी है। फैसला 13 नवंबर को सुनाया गया, जिसकी जानकारी शनिवार को सामने आई।
यह मामला खरीफ सीजन 2004-05 के दौरान पंजाब के संगरूर जिले के मलेरकोटला, सुनाम और टापा स्थित एफसीआई खरीद केंद्रों से जुड़ा है। आरोप था कि एफसीआई अधिकारियों और निजी राइस मिल मालिकों ने आपराधिक साजिश के तहत निर्धारित गुणवत्ता से कम स्तर वाले चावल को ग्रेड-ए बताकर स्वीकार किया। इससे निजी मिल मालिकों को अनुचित भुगतान हुआ और एफसीआई को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
**सितंबर 2005 में सामने आई थी गड़बड़ी**
सीबीआई ने सितंबर 2005 में संयुक्त औचक जांच के दौरान चावल की गुणवत्ता में अनियमितताएं पकड़ी थीं। नमूनों की प्रयोगशाला जांच में खेपों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद 7 जनवरी 2006 को सीबीआई ने मामला दर्ज किया और 28 नवंबर 2008 को तीन अलग-अलग आरोपपत्र दाखिल किए।
**एफसीआई के सभी 14 अधिकारियों को दो साल की सजा**
अदालत ने दोषी ठहराए गए सभी 14 एफसीआई अधिकारियों को दो-दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इन अधिकारियों को आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी दोषी ठहराया गया।
**मलेरकोटला केंद्र: 10 दोषियों को सजा**
मलेरकोटला मामले में पांच एफसीआई अधिकारियों और पांच निजी राइस मिल मालिकों समेत 10 लोगों को दोषी ठहराया गया। एफसीआई अधिकारियों को दो साल की जेल और 15-15 हजार रुपये जुर्माना मिला।
निजी मिल मालिकों में शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के हरीश कुमार और रजनीश कुमार तथा आरके एग्रो टेक के राकेश गोयल को तीन-तीन साल की कठोर कैद और 25-25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। वहीं, शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के रमेश सिंगला और सतकरतार राइस एंड एग्रो मिल्स के नरिंदर कुमार को दो-दो साल की जेल और 20-20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
**सुनाम केंद्र: एक को एक साल, बाकी को दो साल की जेल**
सुनाम मामले में तीन एफसीआई अधिकारियों और तीन निजी राइस मिल मालिकों समेत छह लोग दोषी पाए गए। एफसीआई अधिकारियों आरसी वर्मा, सोम पाल सिंह और केएल गुलाटी को दो-दो साल की कठोर कैद और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा मिली।
निजी मिल मालिकों में महावीर राइस मिल्स के केवल कृष्ण को एक साल की जेल और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं, केसी राइस मिल्स के हरि राम और जीवन लाल को दो-दो साल की कठोर कैद और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
**टापा केंद्र: तीन निजी मिल मालिकों को तीन साल की सजा**
टापा केंद्र से जुड़े मामले में छह एफसीआई अधिकारियों और आठ निजी व्यक्तियों समेत 14 लोगों को दोषी ठहराया गया। एफसीआई अधिकारियों गुरमेल सिंह, आरएस सिरोही, रमेश कुमार, हरिंदर सिंह, हरीश कुमार और सतनाम सिंह को दो-दो साल की कठोर कैद और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
निजी पक्ष के बुध राम, प्रदीप शर्मा और भूषण कुमार को तीन-तीन साल की कठोर कैद सुनाई गई। वहीं, विनोद कुमार, भरत भूषण, अशोक कुमार, सुरिंदर कुमार और रमेश कुमार को दो-दो साल की जेल और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा मिली।
इस फैसले के साथ वर्ष 2004-05 के चावल खरीद से जुड़े लंबे समय से चल रहे मामलों में महत्वपूर्ण न्यायिक कार्रवाई हुई है। सीबीआई की जांच में सामने आया था कि घटिया गुणवत्ता वाले चावल को बेहतर श्रेणी का बताकर सरकारी खरीद व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)