असम: काजीरंगा हादसे के मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 9-9 लाख रुपये, सीएम हिमंत ने सख्त ट्रैफिक नियम लागू करने का किया एलान

Saturday, November 14, 2026 - 23:22
0
असम: काजीरंगा हादसे के मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 9-9 लाख रुपये, सीएम हिमंत ने सख्त ट्रैफिक नियम लागू करने का किया एलान

असम के काजीरंगा में मिनीबस और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर में 26 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मृतकों के परिजनों के लिए 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने शनिवार को हादसे वाली जगह का दौरा कर हालात का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रत्येक मृतक के परिवार को मिलने वाली सहायता राशि में 5 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से, 2 लाख रुपये राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से और 2 लाख रुपये प्रधानमंत्री की ओर से घोषित सहायता के रूप में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए गुवाहाटी और अन्य अस्पतालों से विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी बुलाया गया है।

**ट्रैफिक नियमों में ढील पर जताया अफसोस**

हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने की बात कही। उन्होंने स्वीकार किया कि नलबाड़ी में कैबिनेट बैठक के दौरान राजनीतिक दबाव के चलते कुछ यातायात प्रतिबंधों में ढील दी गई थी। सरमा ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था और अब नियमों को फिर से सख्ती से लागू किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने और निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोगों की जान की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

**हादसे के कारणों की जांच जारी**

यह दुर्घटना शुक्रवार को गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास रंगाजन इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई थी। यहां एक यात्री मिनीबस की कंटेनर ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे में पहले 24 लोगों की मौत की खबर आई थी, लेकिन उपचार के दौरान एक घायल यात्री की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के पीछे की हर संभावित वजह की जांच की जाएगी। उन्होंने डैशकैम फुटेज का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि टक्कर से ठीक पहले मिनीबस चालक को हार्ट अटैक या स्ट्रोक आया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए चालक का पोस्टमार्टम और अन्य जांच कराई जा रही है। फिलहाल हादसे का सटीक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User