विजेथुआ धाम में भव्य देव दीपावली महोत्सव सम्पन्न, भजनों पर झूमे श्रद्धालु; काशी की तर्ज पर हुई महाआरती
सूरापुर, सुल्तानपुर। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पौराणिक स्थल बाबा विजेथुआ महावीर धाम में सातवां देव दीपावली महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा धाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। मंदिर परिसर में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
महोत्सव में भजन गायकों की मंडली ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। झुल्लूर दादा, पल्लवी पांडेय, हरिओम मिश्रा, दिनेश पांडेय, वंदना दूबे, पंकज पाण्डेय, नितिन तिवारी और रामू-श्यामू ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान होता रहा।
इस दौरान हनुमान जी की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं, काशी की तर्ज पर महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महोत्सव के आयोजक विपिन तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल हुए श्रद्धालुओं, भजन गायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम को मजबूत करने का माध्यम हैं। देव दीपावली का यह आयोजन आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हुए सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ. नीरज पाल, जगदम्बा उपाध्याय, अम्बरीश मिश्र, शिवम तिवारी बाबा, रितेश दूबे, अंकित पांडेय, नीरज पांडेय, काली सहाय, पंकज यादव सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अरविन्द पाण्डेय
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)