अध्ययन में खुलासा: देश के 167 जिलों में पांच साल से कम उम्र के बच्चों को सांस के संक्रमण का अधिक खतरा, मध्य और पूर्वी भारत सबसे प्रभावित

Tuesday, November 24, 2026 - 13:28
Updated: 1 hour ago
0
अध्ययन में खुलासा: देश के 167 जिलों में पांच साल से कम उम्र के बच्चों को सांस के संक्रमण का अधिक खतरा, मध्य और पूर्वी भारत सबसे प्रभावित

नई दिल्ली। देश में पांच साल से कम उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एक नए अध्ययन में चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। शोध के मुताबिक, भारत के 167 जिलों में छोटे बच्चों में सांस के संक्रमण (एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन) का खतरा अधिक पाया गया है। इन जिलों में मध्य और पूर्वी भारत के क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। अध्ययन में यह भी सामने आया कि हाल में दस्त से पीड़ित बच्चों में सांस के संक्रमण की आशंका अन्य बच्चों के मुकाबले 4.37 गुना अधिक थी।

यह शोध अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'ट्रॉपिकल मेडिसिन एंड हेल्थ' में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5) के 2019 से 2021 के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें देश के 707 जिलों के 2,21,849 बच्चों से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन किया गया। इसके बाद 167 ऐसे जिलों की पहचान की गई, जहां पांच साल से कम उम्र के बच्चों में सांस के संक्रमण का स्तर अधिक पाया गया।

अध्ययन के अनुसार, इन उच्च जोखिम वाले जिलों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कई जिले शामिल हैं। इसके अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी संक्रमण का अधिक प्रभाव देखा गया। शोध में इन जिलों में बच्चों के बीच सांस के संक्रमण की अनुमानित दर 7.23 प्रतिशत पाई गई, जबकि पूरे अध्ययन के राष्ट्रीय आंकड़ों में यह 2.74 प्रतिशत थी।

शोधकर्ताओं ने पाया कि हाल में दस्त की समस्या से पीड़ित बच्चों में सांस के संक्रमण की आशंका उन बच्चों की तुलना में 4.37 गुना अधिक थी, जिन्हें दस्त नहीं हुए थे। इसके अलावा माताओं के तंबाकू सेवन और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने जैसे कारकों का भी संक्रमण के जोखिम से संबंध सामने आया। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अध्ययन के आंकड़ों से इन कारकों और संक्रमण के बीच सीधे कारण-परिणाम का संबंध साबित नहीं होता।

अध्ययन में कहा गया है कि बच्चों में दस्त और सांस के संक्रमण को अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं के रूप में देखने के बजाय एकीकृत बाल स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान देने की जरूरत है। खासकर उच्च जोखिम वाले जिलों में बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी, दस्त की रोकथाम, मातृ स्वास्थ्य जागरूकता और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना महत्वपूर्ण हो सकता है।

शोधकर्ताओं का मानना है कि देशभर में एक जैसी रणनीति अपनाने के बजाय उन जिलों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, जहां छोटे बच्चों में संक्रमण का खतरा अधिक है। इससे स्वास्थ्य संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा और बच्चों को समय पर उपचार एवं जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User