भारतीय रेलवे: इस वित्त वर्ष 820 करोड़ तक पहुंच सकती है यात्रियों की संख्या, त्योहारों में 18 हजार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक यात्रियों की कुल संख्या करीब 820 करोड़ तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही रेलवे यात्री आवागमन के मामले में कोरोना महामारी से पहले के स्तर को पार करने की ओर बढ़ रहा है। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नई ट्रेनें शुरू करने और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2019-20 में करीब 808.6 करोड़ यात्रियों ने रेल से सफर किया था। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में यह संख्या लगभग 740 करोड़ रही। अब चालू वित्त वर्ष में इसके बढ़कर करीब 820 करोड़ होने का अनुमान जताया गया है। रेलवे ने पिछले पांच वर्षों में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए करीब 2,500 नई यात्री ट्रेनें शुरू की हैं।
त्योहारी सीजन के दौरान दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए करीब 18 हजार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं। इन ट्रेनों के माध्यम से लगभग 20 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों ने सफर किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब आठ प्रतिशत अधिक है।
बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया यानी यात्री सुविधा केंद्र भी विकसित कर रहा है। इन केंद्रों में यात्रियों के बैठने, पेयजल, शौचालय, टिकट काउंटर और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को कम करना और यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाना है।
नई दिल्ली, आनंद विहार और उधना सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ऐसे यात्री सुविधा केंद्र बनाए जा रहे हैं। रेलवे का मानना है कि यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ट्रेनों और स्टेशनों की क्षमता बढ़ाना भी जरूरी है। आने वाले समय में यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर रेलवे की योजनाओं पर विशेष ध्यान रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)