सुलतानपुर: भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का शुभारंभ, देव दीपावली पर जलेंगे सवा लाख दीप

श्याम चंद्र श्रीवास्तव

Monday, November 23, 2026 - 18:41
0
सुलतानपुर: भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का शुभारंभ, देव दीपावली पर जलेंगे सवा लाख दीप

सुलतानपुर। देव दीपावली के पावन अवसर पर अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ, अल्देमऊ नूरपुर में तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान और आकर्षक शोभायात्रा के साथ हुई। भगवान शिव-पार्वती, श्रीराम दरबार, हनुमान जी और गणेश जी की दिव्य झांकियों के साथ अनेक महापुरुषों की झांकियां भी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहीं। इस वर्ष महोत्सव के दौरान आदि गंगा गोमती के तट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित करने का आयोजन किया जाएगा।

शोभायात्रा का शुभारंभ शाहगंज रोड स्थित रानीपुर कायस्थ के महाकाल अवसान माता शनिदेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद किया गया। कादीपुर विधायक राजेश गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल, केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चण्डेश्वर कपाली बाबा और भाजपा मंडल अध्यक्ष दरगाही निषाद ने पूजन-अर्चन कर यात्रा को रवाना किया।

शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती, हनुमान जी, गणेश जी तथा भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके साथ ही बाबा सत्यनाथ, बाबा कीनाराम, गुरु नानक देव, संत कबीरदास, संत रविदास, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी सहित कई महापुरुषों की झांकियां निकाली गईं। नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए शोभायात्रा आदिगंगा गोमती के तट पर स्थित अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ पहुंची। यहां विधिवत पूजा-अर्चना और दिव्य आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मठ के पीठाधीश्वर अवधूत कपाली बाबा ने कहा कि देव दीपावली पर सनातन धर्मावलंबी अपने पितरों और देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए दीप प्रज्वलित करते हैं। इसी परंपरा के तहत अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ में अघोर परंपरा के नौ नाथों में प्रथम नाथ बाबा सत्यनाथ के पावन साधना स्थल पर प्रतिवर्ष तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार गोमती तट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई जाएगी।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अजय बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह कोटेदार, उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य काजल किन्नर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान, सभासद बृजेश सिंह, सूर्यलाल और रणधीर सिंह, नूरपुर प्रधान बंटी सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष संतोष पांडेय सहित हेमंत शर्मा, विजय गिरी, अभिमन्यु मौर्य, आचार्य नीरज मिश्र, वीरेंद्र श्रीवास्तव और प्रभाकर सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User