परिसीमन पर सरकार का क्या है प्लान? जयराम रमेश ने पीएम मोदी-शाह से पूछा सवाल, शीतकालीन सत्र को लेकर भी घेरा

Monday, November 23, 2026 - 13:39
0
परिसीमन पर सरकार का क्या है प्लान? जयराम रमेश ने पीएम मोदी-शाह से पूछा सवाल, शीतकालीन सत्र को लेकर भी घेरा

कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का एलान नहीं होने पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने परिसीमन को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सरकार की योजना स्पष्ट करने की मांग की। रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर विपक्ष और देश को भरोसे में नहीं ले रही है।

जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सवाल किया कि अब तक देश को यह जानकारी क्यों नहीं दी गई कि संसद का शीतकालीन सत्र कब आयोजित होगा। उन्होंने यह भी पूछा कि मानसून सत्र, जिसे 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, उसे दोबारा बुलाया जाना है या नहीं।

परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की सरकार की कोशिशों के बाद देश को यह जानने का अधिकार है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की परिसीमन को लेकर क्या योजना है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के पास इस संबंध में कोई स्पष्ट फॉर्मूला भी है।

रमेश ने कहा कि लगातार बनी अनिश्चितता से दो संभावनाएं नजर आती हैं। या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी अपने ही दावों और बयानों में उलझ गई है, या फिर कोई ऐसी योजना तैयार की जा रही है जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा। इसी दौरान उन्होंने दोनों नेताओं पर तंज कसते हुए उन्हें 'जीटीए (ज्ञानेश थेफ्ट अरेंजर्स) सितारे' बताया। यह टिप्पणी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के संदर्भ में की गई।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की रणनीति से संसद जैसी महत्वपूर्ण संस्था कमजोर हो रही है। कांग्रेस लगातार मांग कर रही है कि परिसीमन के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों के साथ चर्चा हो और सरकार अपना प्रस्ताव स्पष्ट करे।

परिसीमन पर कांग्रेस की चार मांगें

कांग्रेस ने परिसीमन को लेकर चार बिंदुओं वाला प्रस्ताव रखा है। इसमें लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बनाए रखने, राज्यों के बीच सीटों के वर्तमान अनुपात को बरकरार रखने, मौजूदा सीटों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने और इन व्यवस्थाओं पर 25 साल तक रोक रखने की मांग शामिल है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन पर फैसला सभी दलों से बातचीत के बाद होना चाहिए और किसी राज्य के प्रतिनिधित्व को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।

गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच मतभेद बने हुए हैं। ऐसे में शीतकालीन सत्र की तारीखों और सरकार की अगली संसदीय रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User