अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ, योगी बोले- भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी इस मौके पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन सेवा की शुरुआत को भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत से जुड़ा है। इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते आस्था, आत्मीयता और साझा संस्कृति पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच इस संबंध को 'रोटी-बेटी' का रिश्ता भी कहा जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में होगी पूरी
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी और यात्रा में लगभग 19 घंटे लगेंगे। ट्रेन में वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी सहित कुल 17 कोच होंगे। रास्ते में मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर समेत 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी सेवा
ट्रेन का औपचारिक शुभारंभ 23 नवंबर को किया गया है, जबकि आम यात्रियों के लिए इसका नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इस रेल सेवा को रामायण सर्किट के तहत अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ने तथा भारत-नेपाल के बीच सीमा पार संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)