10 करोड़ खर्च, पुल अब भी अधूरा: जम्मू-कश्मीर में PWD के चार इंजीनियर निलंबित, एक अधीक्षण अभियंता अटैच
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के सुंब ब्लॉक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रहे 181.60 मीटर लंबे पुल के निर्माण में देरी और कथित अनियमितताओं को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पांच अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें चार इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अधीक्षण अभियंता को प्रशासनिक विभाग से अटैच किया गया है।
यह कार्रवाई टीओ-1 से धलोटे वाया तलौर सड़क पर बन रहे पुल से जुड़े मामले में की गई है। विभागीय कार्रवाई के अनुसार, निलंबित अधिकारियों में जम्मू PMGSY डिवीजन के प्रभारी कार्यकारी अभियंता भूपिंदर कुमार बनोत्रा, सहायक कार्यकारी अभियंता मोहम्मद फरियाद, सहायक अभियंता निपुण कौशल और जूनियर इंजीनियर विजय कुमार रासोत्रा शामिल हैं।
वहीं, PMGSY जम्मू सर्कल के अधीक्षण अभियंता अभिषेक गुप्ता को प्रशासनिक विभाग में अटैच किया गया है। उनके स्थान पर पीडब्ल्यूडी सर्कल नॉर्थ जम्मू की अधीक्षण अभियंता पूजा वजीर को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
निलंबित किए गए अधिकारियों को जांच पूरी होने तक मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, चिनाब जोन के कार्यालय से अटैच रखा जाएगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निलंबन भत्ता मिलेगा। इसके अलावा राहत गुप्ता को PMGSY जम्मू डिवीजन के कार्यकारी अभियंता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इससे पहले 4 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सुंब ब्लॉक में निर्माणाधीन पुलों का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण की धीमी गति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को देरी के कारणों का आकलन करने, गुणवत्ता जांच कराने और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।
मामले में विभागीय जांच जारी है। कार्रवाई का उद्देश्य निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं और देरी की जिम्मेदारी तय करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)