45वें व्यापार मेले में उमड़ी भीड़: छुट्टी के दिन 1.20 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे, खरीदारी और व्यंजनों का लिया आनंद
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही परिवारों और दोस्तों के साथ लोग मेले में पहुंचने लगे। शाम तक यहां आने वाले दर्शकों की संख्या 1.20 लाख से अधिक पहुंच गई। शनिवार की तुलना में रविवार को करीब 71 प्रतिशत ज्यादा लोग मेले में पहुंचे।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे। दर्शकों ने विभिन्न राज्यों के मंडपों में देशभर के उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को देखा। कई लोगों ने अपनी पसंद के सामान की खरीदारी भी की।
मेले का खानपान क्षेत्र भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यहां 90 से अधिक खानपान केंद्रों पर अलग-अलग राज्यों के व्यंजन उपलब्ध हैं। परिवारों और युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक पकवानों का स्वाद लिया। वहीं, बच्चों के लिए मनोरंजन और अनुभव आधारित गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
रविवार को उमड़ी भीड़ से स्टॉल संचालकों और कारोबारियों में भी उत्साह देखने को मिला। हस्तशिल्प, कपड़े, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं से जुड़े कारोबारियों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। इस वर्ष मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। 14 से 27 नवंबर तक चल रहे इस आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ 11 देशों के प्रदर्शक भी हिस्सा ले रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)