पुष्पों से सजी नौका में श्रीश्री राधा वृंदावनचंद्र ने किया दिव्य विहार, छप्पन भोग और दीपदान में उमड़े श्रद्धालु
वृंदावन, 21 नवंबर। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्तिक उत्सव के द्वितीय दिवस पर श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र का दिव्य नौका विहार उत्सव अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अलौकिक आयोजन में भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को पालकी में विराजमान कर मंदिर के गर्भगृह से कल्याणी तक लाया गया। इसके पश्चात पुष्पों से सुसज्जित नौका में विराजमान अपने आराध्य के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।

कल्याणी के समीप भगवान के आगमन पर सर्वप्रथम विधिवत पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती की गई। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं आकर्षक पुष्पों से सुसज्जित नौका में श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को विराजमान कराया गया। हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि के मध्य भगवान का दिव्य नौका विहार प्रारंभ हुआ। भक्तों द्वारा किए जा रहे हरिनाम संकीर्तन एवं जयकारों से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। नौका विहार के दौरान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने स्वयं को धन्य अनुभव किया।

इस अवसर पर श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के श्रीविग्रहों का विशेष वस्त्रों एवं विविध प्रकार के सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए। उत्सव के अंतर्गत श्री दामोदराष्टकम का सामूहिक एवं भावपूर्ण गान किया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। दीपों की स्वर्णिम आभा, पुष्पों की मनोहारी सज्जा एवं हरिनाम संकीर्तन की भक्तिमय स्वर लहरियों से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिरस में निमग्न हो उठा।

इस भव्य कार्तिक उत्सव में सहभागिता करने के लिए दिल्ली, आगरा, लखनऊ सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त श्रीधाम वृंदावन पहुंचे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)